कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, बैरिकेडिंग पर चढ़े; पुलिस से भिड़े

 कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, बैरिकेडिंग पर चढ़े; पुलिस से भिड़े
लखनऊ। विधानसभा घेराव के लिए निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने प्रदेश कार्यालय के बाहर ही रोक लिया। धक्का-मुक्की के बाद चौराहे पर बैरिकेडिंग कर सभी को घेरा गया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें नीचे उतारा। विधानसभा जाने की जिद पर नेता धरने पर बैठ गए, इको गार्डन ले जाने की तैयारी।
लखनऊ में कांग्रेस ऑफिस के बाहर कार्यकर्ताओं और पुलिस की झड़प हो गई। जमकर धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, विधायक आराधना मिश्रा समेत कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। फिलहाल मौके पर गहमागहमी का माहौल है।
दरअसल, अजय राय ने सोमवार को मनरेगा और शंकराचार्य मुद्दे को लेकर विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। इस समय विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है। इसे देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस का विरोध
मनरेगा और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है, जिसे देखते हुए कई बड़े नेताओं को नजरबंद किया गया है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजधानी लखनऊ में विधानसभा का घेराव करने के लिए कूच कर रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, नेता विधानमंडल कांग्रेस आराधना मिश्रा मोना, विधायक वीरेंद्र चौधरी समेत कई सांसद, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हैं. प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे हैं।