मुरादाबाद में अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ NBW वारंट

 मुरादाबाद में अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ NBW वारंट
मुरादाबाद। बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ मुरादाबाद कोर्ट ने नॉन बैलेबल वारंट (NBW) जारी कर दिया। 2017 में एक शादी समारोह में परफॉर्मेंस के बदले 14.50 लाख रुपये लेने के बाद अमीषा कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हुईं। इवेंट आयोजक पवन वर्मा की शिकायत पर कोर्ट ने सख्त कार्रवाई की। अमीषा के अधिवक्ता अभिषेक शर्मा ने आरोप लगाया कि पवन सस्ती लोकप्रियता के लिए इस केस का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मुंबई में पवन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
कटघर थाना क्षेत्र के डबल फाटक निवासी ड्रीम विजन इवेंट कंपनी मालिक पवन वर्मा ने बताया कि 16 नवंबर 2017 को आयुष अग्रवाल की शादी में अमीषा पटेल को चार गीत गाने के लिए बुलाया था। उन्होंने 14.50 लाख रुपये अग्रिम भुगतान किया था। दिल्ली रोड होलीडे रीजेंसी होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। लेकिन अमीषा पटेल मुंबई से मुरादाबाद नहीं पहुंचीं। बाद में वादा किया गया कि पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। 10 लाख रुपये नकद और 4.50 लाख रुपये का चेक दिया गया। चेक बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया।
पवन वर्मा ने धारा 138 निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत मुरादाबाद कोर्ट में मुकदमा दायर किया। अतिरिक्त सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कोर्ट ने अमीषा पटेल को कई बार समन भेजा। वह प्रत्येक बार अनुपस्थित रहीं। अब कोर्ट ने NBW वारंट जारी कर दिया। पवन वर्मा ने कहा कि अमीषा पटेल न्याय से बचने का प्रयास कर रही हैं। कोर्ट के आदेशों की बार-बार अवहेलना हो रही है। पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।