तीन स्पिनरों के साथ उतरेगा भारत? अभिषेक शर्मा की वापसी;
कोलंबो। भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का महामुकाबला खेला जाना है। दोनों ही टीमें इसके लिए तैयार हैं। कोलंबो में स्पिनरों की मददगार पिच को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि भारतीय एकादश में कुछ बदलाव हो सकते हैं।
मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11क्रिकेट में सियासत के घालमेल के कारण पैदा हुआ गतिरोध अस्थायी तौर पर दूर होने के बाद टी20 विश्व कप के सबसे चर्चित मुकाबले में रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी आमने सामने होंगे तो भारत के मध्यक्रम के सामने पाकिस्तान के स्पिनरों की चुनौती होगी और मैच की पृष्ठभूमि को देखते हुए अब दोनों टीमें किसी तरह की कोताही बरतना नहीं चाहेगी। भारत के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा वापसी के लिए तैयार हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को प्री-मैच कॉन्फ्रेंस में साफ कर दिया था कि विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक इस मैच में खेलेंगे। वहीं, नेट्स में भी उन्हें अभ्यास करते देखा गया।
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का महामुकाबला रविवार को कोलंबो में खेला जाएगा। यह मैच आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां की पिच आमतौर पर स्पिनरों के मददगार मानी जाती है।
भारत के पास मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल मौजूद हैं, लेकिन पाकिस्तान भी इस मामले में कम नहीं है क्योंकि उसकी टीम में अबरार अहमद और उस्मान तारिक हैं जो भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं।
भारतीय टीम शुरुआती दो मैचों में दो स्पिनरों के साथ उतरी है। भारत के लिए अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने स्पिन विभाग का जिम्मा संभाला है।
कोलंबो में स्पिनरों की मददगार पिच को देखते हुए इस संभावना को भी खारिज नहीं किया जा सकता कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ तीन स्पिनरों के साथ उतरे।
