लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा विपक्ष, लगाए आरोप

 लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा विपक्ष, लगाए आरोप
नई दिल्ली। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है। गौरतलब है कि राहुल गांधी को कथित तौर पर सदन में न बोलने देने और पीएम मोदी का लोकसभा में संबोधन टालने के मुद्दे पर विपक्ष ओम बिरला से नाराज है और उन पर पक्षपात का आरोप लगा रहा है।
विपक्षी पार्टियां लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि विपक्षी पार्टियों का आरोप है कि लोकसभा स्पीकर सदन में पक्षपात करते हैं। विपक्ष ने यह आरोप ऐसे समय लगाया है, जब विपक्ष आरोप लगा रहा है कि राहुल गांधी को संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है। इस मुद्दे पर संसद में बीते कई दिनों से हंगामा हो रहा है। लोकसभा स्पीकर के खिलाफ विपक्ष में नाराजगी बढ़ने की एक अन्य वजह उनका एक बयान है, जिस पर भी खासा विवाद हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, विपक्ष बजट सत्र के दूसरे चरण में ये अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ सकता है क्योंकि नियमों के तहत अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देने के लिए 20 दिन का समय चाहिए होता है। स्पीकर के खिलाफ विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने की कई वजह बताई जा रही हैं, जिनमें लोकसभा स्पीकर द्वारा सदस्यों को बोलने की मंजूरी न देने, आसन द्वारा महिला सांसदों का नाम लेना, सत्ता पक्ष के कुछ सांसदों को सदन में हमेशा विशेषाधिकार देना और आठ विपक्षी सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित करना शामिल है।