यमुना एक्सप्रेस वे पर कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, 6 की मौत 10 घायल

 यमुना एक्सप्रेस वे पर कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा, 6 की मौत 10 घायल
मथुरा । जिले में यमुना एक्सप्रेस में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 घायल हैं। यमुना एक्सप्रेस वे पर सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतरकर खड़े यात्रियों को रौंद दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना शनिवार तड़के करीब 2:45 बजे घटी। दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही एक बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतरे थे। हालांकि, बस चालक ने यात्रियों को सुरक्षित ‘ग्रीन जोन’ में न रोककर सड़क के किनारे ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले तो बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
भीषण हादसे में सोनू (औरैया), देवेश (बस्ती), अस्लम (कन्नौज), संतोष (दिल्ली) सहित छह लोगों की मौत हो गई। दो अन्य यात्रियों की शिनाख्त अभी जारी है। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रशासनिक कार्रवाई और यातायात बहाली: हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मार्ग को सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कंटेनर चालक की तलाश जारी है।