बरातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 लोगों की मौत, 38 घायल

 बरातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 लोगों की मौत, 38 घायल
पिथौरागढ़। उत्तराखंड नेपाल बॉर्डर के पास बरातियों से भरी बस खाई में गिर गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 38 घायल हो गए। इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गुरुवार की रात्रि बैतडी के पुरचुंणी नगरपालिका सात भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग के सुनकुडा जा रही बस पुरचूंणी के बड़गांव मोड से अनियंत्रित होकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रहरी प्रवक्ता प्रहरी निरिक्षक बलदेव बडू ने बताया कि रात्रि के समय नेपाल एपीएफ, प्रहरी एवं स्थानीय जनता द्वारा यात्रियों का रेस्क्यू किया गया।
दुर्घटना में मरने वालों में बजांग बित्थड चीर गांव पालिका निवासी केशव राज जोशी, अशोक राज जोशी, बसंत राज जोशी, बिष्णु दत्त जोशी, नरेश राज जोशी, बिशन दत्त जोशी के अलावा अन्य लोग शामिल हैं।
जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रहरी प्रवक्ता प्रहरी निरिक्षक बलदेव बडू ने बताया कि बस दुर्घटना में छह बरातियों की घटना स्थल में ही मौत हो गई। पांच बरातियों की डडेलधुरा अस्पताल में और दो बरातियों की कोटिला अस्पताल में मौत हो गई। घायलों में कुछ और बरातियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।