फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के विरोध में प्रदर्शन, सड़क पर ब्राह्मण समाज
भोपाल। भोपाल में OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के खिलाफ ब्राह्मण समाज ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म को समाज की छवि धूमिल करने वाला बताया और नेटफ्लिक्स से हटाने व निर्माता-निर्देशक पर FIR की मांग की। कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
भोपाल में एक OTT प्लेटफार्म पर रिलीज़ की गई फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के विरोध में ब्राह्मण समाज के लोग सड़कों पर उतर आए। हवन-पूजन और पाठ-पूजन करने वाले धोती-कुर्ता धारी पंडितों ने फिल्म को ब्राह्मण समाज की छवि धूमिल करने वाला बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज और मध्य प्रदेश ब्राह्मण समाज के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में फिल्म को तत्काल नेटफ्लिक्स OTT प्लेटफार्म से हटाने की मांग की गई। फिल्म के टाइटल को लेकर दिल्ली उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की गई है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्म में ब्राह्मण समाज को घूसखोर के रूप में दिखाया गया है, जो पूरी तरह आपत्तिजनक और निंदनीय है। संगठन ने फिल्म बनाने वाले निर्माता-निर्देशक और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
