ललित नारायण मिश्रा को उनकी 103वीं जयंती पर याद किया गया
Nimmi Thakur
दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे पूर्व रेल मंत्री स्वर्गीय ललित नारायण मिश्रा की 103वीं जयंती पर उनके प्रति समाज के गणमान्य लोगों ने कृतज्ञयता व्यक्त किया ।

इस अवसर पर राजधानी दिल्ली स्थित कंस्टीटूशन क्लब ऑफ इंडिया के स्पीकर हॉल में एक भव्य स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन एडवोकेट वैभव मिश्रा ने किया जो विगत कई वर्षों से यह आयोजन करते आ रहे हैं

कार्यक्रम में ललित बाबू के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया और उनके विचारों पर चर्चा की गई।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद देवेश चंद्र ठाकुर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, डीपीएस श्रीनगर के प्रमुख विजय धर, वरिष्ठ पत्रकार शुभब्रत भट्टाचार्य तथा बीजेपी सहयोग सेल के अध्यक्ष नवीन सिन्हा उपस्थित हुए. इसके अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और ललित बाबू के विचारों से प्रेरित लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पूर्व रेल मंत्री ललित नारायण मिश्रा के सार्वजनिक जीवन, उनकी प्रशासनिक क्षमता और देश के बुनियादी ढांचे के विकास में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि ललित बाबू न केवल एक कुशल राजनेता थे बल्कि वे सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के प्रतीक भी थे।

इस अवसर पर भारत सरकार के मंत्री, लोकसभा सांसद तथा बिहार से जुड़े दिल्ली प्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए और ललित बाबू को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। समारोह का उद्देश्य नई पीढ़ी को ललित नारायण मिश्रा के योगदान से अवगत कराना और उनके विचारों को जीवंत बनाए रखना है.
