संजय राउत बोले- नरवणे की बढ़ाई जाए सुरक्षा

 संजय राउत बोले- नरवणे की बढ़ाई जाए सुरक्षा
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘फॉर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ किताब पर बयान पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है। संजय राउत ने कहा कि राहुल गांधी ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा उठाया है। उनका कहना था कि जब कोई पड़ोसी देश हमला करने की नीयत से सीमा पर पहुंचता है, तो उस समय देश के राजनीतिक नेतृत्व को स्पष्ट फैसला लेना चाहिए।
संजय राउत ने आरोप लगाया कि उस दौरान तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे (सेवानिवृत्त) यह जानना चाह रहे थे कि आगे क्या कदम उठाया जाए, लेकिन प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री निर्णय लेने से बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले के सामने आने के बाद उन्हें अब जनरल नरवणे की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है। राउत ने आशंका जताई कि सरकार इस मुद्दे पर भी वैसी ही प्रतिक्रिया दे सकती है, जैसी उसने सोनम वांगचुक के मामले में दी थी। उन्होंने मांग की कि पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए।
जनरल नरवणे के किताब पर संसद में संग्राम
लोकसभा में सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला। विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान बोलते हुए एक पत्रिका में प्रकाशित अंशों का हवाला दिया। ये अंश भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक से जुड़े बताए गए, जिसके बाद सत्ता पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई।
राहुल गांधी ने सदन में कहा कि कारवां पत्रिका में जनरल नरवणे के संस्मरण से जुड़े कुछ अंश प्रकाशित हुए हैं, जिन्हें सरकार प्रकाशित नहीं होने दे रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पत्रिका से केवल पांच पंक्तियां पढ़ना चाहते हैं। जैसे ही उन्होंने दोबारा बोलना शुरू किया, विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।