माघ पूर्णिमा पर संगम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 60 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

 माघ पूर्णिमा पर संगम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 60 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
प्रयागराज। माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रातः बेला से ही अपार श्रद्धा, उत्साह और आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान एवं पूजा-अर्चना शुरू की। अब तक लगभग 60 लाख श्रद्धालु संगम में पावन डुबकी लगाकर भारत की सनातन संस्कृति एवं परंपराओं का साक्षात् दर्शन करा चुके हैं। सनातन परंपराओं का पालन करते कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं का यह विहंगम दृश्य आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत है।
प्रयागराज में माघी पूर्णिमा पर पवित्र स्नान करने वालों का संगम नोज का तांता अलसुबह ही लग गया। रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। पौष पूर्णिमा के स्नान के साथ पूरे माघ माह कल्पवास करने वाले श्रद्धालु आज माघ पूर्णिमा का स्नान कर अपने घरों की ओर प्रस्थान करेंगे। संगम घाट पर एटीएस भी तैनात है।
माघी पूर्णिमा के मौके पर श्रद्धालु पवित्र स्नान कर रहे हैं और पूजा-पाठ कर रहे हैं। मेले के अधिकारी ऋषि राज ने बताया कि हम रात 12 बजे से यहां हैं। तब से पवित्र स्नान जारी है। सुबह 8 बजे तक लगभग 90 लाख लोगों ने पवित्र स्नान किया है। हमारी खोया-पाया सेवा एक्टिव है। हम भीड़ की निगरानी कर रहे हैं… मुख्य मकसद यह है कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो। हमने एक ह्यूमन चेन बनाई और भीड़ को यमुना किनारे की ओर मोड़ा है।