सर्राफा बाजार में सोना चांदी की कीमतों से कोहराम, जाने क्या है भाव

 सर्राफा बाजार में सोना चांदी की कीमतों से कोहराम, जाने क्या है भाव
नई दिल्ली। रिकॉर्ड तेजी के बीच सर्राफा बाजार में कीमतों ने कोहराम मचा दिया है ।  रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने बाद चांदी की चमक फीकी पड़ गई और इसमें 20 हजार रुपए प्रति किलोग्राम की  गिरावट दर्ज की गई। मुनाफावसूली और वैश्विक स्तर पर कमजोर संकेतों के चलते न केवल चांदी बल्कि सोने की कीमतों में भी भारी मुनाफावसूली देखी।  अपने सर्वोच्च शिखर पर पहुंचने वाली चांदी शुक्रवार को औंधे मुंह गिरी।
एमसीएक्स पर एक ही दिन में मार्च डिलिवरी वाली चांदी 84000 (83,977 रुपये पर) रुपये के करीब फिसल गई। इसमें करीब 21 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और भाव 3,15,916 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इस बीच, फरवरी डिलीवरी वाला सोना 15,246 रुपये यानी 9 फीसदी फिसलकर 1,54,157 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
पहले बनाया रिकॉर्ड फिर हुई धड़ाम
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 20,000 रुपये (करीब 5 प्रतिशत) टूटकर 3,84,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई (सभी करों सहित)। गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र में चांदी ने 19,500 रुपये की छलांग लगाई थी और 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छू लिया था। आज भी सराफा बाजार में भाव को लेकर उथल पुथल मची हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। स्पॉट सिल्वर12.09% यानी 14 डॉलर टूटकर 101.47 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इंट्रा-डे कारोबार में तो यह 17.5% गिरकर 95.26 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर तक पहुंच गई थी।
सोना एक दिन में 14 हजार गिरा
चांदी की तरह सोने में भी भारी बिकवाली का दबाव रहा। दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 14 हजार रुपये (7.65%) गिरकर 1,69,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। गुरुवार को सोना 12 हजार रुपए चढ़कर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।