• July 17, 2026

राहुल गांधी ने ‘गमोसा न पहनकर किया पूर्वोत्तर का अपमान’ कांग्रेस पर बरसे अमित शाह

 राहुल गांधी ने ‘गमोसा न पहनकर किया पूर्वोत्तर का अपमान’ कांग्रेस पर बरसे अमित शाह

डिब्रूगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूर्वोत्तर के दौरे पर हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर पूर्वोत्तर की संस्कृति के अपमान का आरोप लगाया। असम में जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री शाह ने कहा कि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में राहुल ने ‘गमोसा’ पहनने से इनकार कर दिया। उन्होंने कांग्रेस पर घुसपैठ की राजनीति करने और असम को केवल हिंसा देने का भी आरोप लगाया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान डिब्रूगढ़ के खानिकर परेड ग्राउंड में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने असम की पहचान ‘गमोसा’ का अपमान किया है।

क्या है पूरा मामला?

शाह ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘एट होम’ कार्यक्रम रखा था। इस कार्यक्रम में सभी मेहमानों को सम्मान के तौर पर असम का पारंपरिक स्कार्फ ‘गमोसा’ दिया गया। शाह का दावा है कि विदेशी मेहमानों सहित सभी बड़े नेताओं ने इसे पहना, लेकिन राहुल गांधी ने इसे पहनने से साफ इनकार कर दिया। वे ऐसा करने वाले एकमात्र व्यक्ति थे।

पूर्वोत्तर का अपमान बर्दश्त नहीं

गृह मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी अपनी मर्जी के मालिक हो सकते हैं, लेकिन भाजपा नॉर्थ ईस्ट की संस्कृति का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक बीजेपी सत्ता में है, राज्य की परंपराओं का सम्मान पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। भाजपा सरकार असम के विकास और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अमित शाह ने कांग्रेस के पुराने शासन पर भी कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा, मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि उनकी पार्टी ने असम को बंदूकें, गोलियां, संघर्ष और युवाओं की मौत के अलावा क्या दिया है।