बारिश के बाद चली पछुआ हवाओं ने गिराया तापमान, जाने आज मौसम का हाल
लखनऊ। बारिश के बाद से पछुआ हवाएं चलनी शुरू हुईं हैं । जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पछुआ से सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ गया है। माैसम विभाग का कहना है कि एक फरवरी से प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे एक से तीन फरवरी के दाैरान पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश की संभावना बनेगी।
माैसम वैज्ञानिक सूरज देव ने बताया कि अगले 48 घंटों में प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट का पूर्वानुमान है। पूर्वी और तराई के इलाकों में हल्का कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। अधिकांश जिलों में सुबह घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य पहुंच गई। वहीं सुबह के समय गाजियाबाद में 20 मी और दिल्ली में 40 मी दृश्यता दर्ज हुई। 8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ बुलंदशहर सबसे ठंडा रहा। वहीं 25 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सोनभद्र सबसे गर्म रहा।
दिन चढ़ने के साथ तीखी धूप का सामना हुआ। जैसे-जैसे धूप ढली सर्द पछुआ हवाओं ने शहर में डेरा डाल दिया। नतीजा शाम में ठंड का अहसास अचानक बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के वक्त हल्के कोहरे का असर भी देखने को मिला।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि एक फरवरी से प्रदेश में एक नया विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसके असर से दो फरवरी को लखनऊ में फिर बूंदाबांदी के आसार हैं।
लखनऊ में अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री की गिरावट के साथ 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री की गिरावट के साथ 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
