मन की बात’ में बोले पीएम मोदी,’भारत में दुनिया का तीसरा बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन रहा’

 मन की बात’ में बोले पीएम मोदी,’भारत में दुनिया का तीसरा बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन रहा’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 130वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने स्टार्ट अप इंडिया की यात्रा, देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था समेत कई मुद्दों पर बात की। मन की बात की शुरुआत में गणतंत्र दिवस का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 26 जनवरी को हम सभी गणतंत्र दिवस का पर्व मनाएंगे, इसी दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। 26 जनवरी का ये दिन हमें अपने संविधान निर्माताओं को नमन करने का अवसर देता है। मन की बात कार्यक्रम की 10 बड़ी बात पर एक नजर डालते हैं।

स्टार्टअप इंडिया की यात्रा को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज से 10 साल पहले 2016 में हमने स्टार्टअप इंडिया की शुरुआत की थी। देश के युवाओं ने इसके लिए जो इनोवेशन किए, वे इतिहास में दर्ज हो रहे हैं। भारत में दुनिया का तीसरा बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन रहा है। एआई, स्पेस, परमाणु ऊर्जा, सेमीकंडक्टर से लेकर कई सेक्टर्स में भारतीय स्टार्टअप काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं उन सभी युवाओं को सैल्यूट करता हूं जो स्टार्टअप से जुड़े हैं या शुरू करना चाहते हैं। देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम गुणवत्ता पर जोर दें। हम पूरी ताकत से गुणवत्ता को अहमियत दें, इस पर ध्यान दें। गुणवत्ता को बेहतर करने का संकल्प लें। हमारे भारतीय उत्पादों की पहचान गुणवत्ता होनी चाहिए। जन-भागीदारी पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समस्याओं का समाधान खोजना देशवासियों के खून में है। कुछ लोग स्टार्टअप के जरिए करते हैं तो कुछ समाज की सामूहिक भागीदारी से। ऐसा ही एक प्रयास यूपी के आजमगढ़ में दिखाई दिया, जहां स्थानीय लोगों ने तमसा नदी को नया जीवन दिया है। इसी तरह, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में पानी की कमी दूर करने के लिए स्थानीय लोगों ने जलाशयों को साफ करने का लक्ष्य रखा और फिर प्रशासन के सहयोग से अनंत नीरूं संरक्षण प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई।

इस प्रयास के तहत 10 से अधिक जलाशयों को जीवनदान मिला है। जेन जी के बीच भजन क्लबिंग की लोकप्रियता पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज के युवाओं ने भक्ति को अपनी जीवनशैली में ढाल लिया है। युवा इकट्ठा हो रहे हैं, संगीत हो रहा है। कंसर्ट में भक्तिभाव से भजन गाए जा रहे हैं। इसे भजन क्लबिंग कहा जा रहा है, जो जेन जी के बीच लोकप्रिय हो रहा है। दुनिया के अलग-अलग कोने में देश के त्योहार मनाए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और त्योहार दुनिया भर में अपनी पहचान बना रहे हैं। दुनिया भर में भारत के त्योहार बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाए जाते हैं। देश के लोग विदेश में भी अपनी संस्कृति की मूल भावना को संरक्षित कर और उसे आगे बढ़ा रहे हैं। मलेशिया में 500 से ज्यादा तमिल स्कूल हैं जहां तमिल भाषा की पढ़ाई के साथ ही अन्य विषयों को भी तमिल में पढ़ाया जाता है।