आज दिल्ली एनसीआर की हवा में सुधार, प्रदूषित हवा से मिली लोगों को राहत

 आज दिल्ली एनसीआर की हवा में सुधार, प्रदूषित हवा से मिली लोगों को राहत
नई दिल्ली। दिल्ली और एनसीआर में दो माह से प्रदूषित हवा में लोग सांस ले रहे थे। लेकिन 23 जनवरी को हुई बारिश से मौसम में आए बदलाव, हवा की दिशा बदलने और गति तेज होने के कारण वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 190 दर्ज किया गया था, वहीं रविवार को इस सीजन की सबसे साफ हवा दर्ज हुई।
राजधानी में शुक्रवार मौसम में हुए बदलाव के साथ हवा की दिशा बदलने और गति तेज होने के चलते लोगों को प्रदूषित हवा से राहत मिली है। ऐसे में शनिवार के बाद रविवार को इस सीजन की सबसे साफ हवा दर्ज हुई। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 150 दर्ज किया गया। यह हवा की मध्यम श्रेणी है। इससे पहले शनिवार को 190 एक्यूआई दर्ज किया गया था।
दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों के बीच, हवा की गुणवत्ता में यह सुधार लोगों को राहत पहुंचाएगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के विभिन्न इलाकों में एक्यूआई के आंकड़े इस प्रकार रहे। दिल्ली के अलीपुर में 130, आनंद विहार में 204, अशोक विहार में 160, आया नगर में 143, बवाना में 140, बुराड़ी में 123, और चांदनी चौक इलाके में 180 एक्यूआई दर्ज किया गया है।
इसी के साथ डीटीयू में 120, द्वारका सेक्टर-8 में 150, आईजीआई एयरपोर्ट टी3 में 120, आईटीओ में 110, लोधी रोड में 140, मुंडका में 134, नजफगढ़ में 101, नरेला में 160, पंजाबी बाग में 125, आरकेपुरम में 141, एक्यूआई दर्ज किया गया है।