मतदाता दिवस पर बोले पीएम मोदी: मतदान बड़ी जिम्मेदारी, नए मतदाता मनाए जश्न

 मतदाता दिवस पर बोले पीएम मोदी: मतदान बड़ी जिम्मेदारी, नए मतदाता मनाए जश्न
नई दिल्ली। पीएम मोदी ने आज 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाने पर देशवासियों से अपील की है कि नए मतदाता इसको जश्न के रूप में मनाए। उन्होंने कहा कि भारत में चुनाव के 75 साल पूरे हो रहे हैं। स्कूलों को नए मतदाताओं को सम्मानित करना चाहिए। पीएम ने युवाओं से ‘माई भारत’ प्लेटफॉर्म से जुड़ने और लोकतंत्र मजबूत करने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मतदाता बनना उत्सव मनाने का एक गौरवशाली मौका है। उन्होंने ‘माई भारत’ (MY-Bharat) के स्वयंसेवकों को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने आग्रह किया है कि जब कोई युवा पहली बार वोटर बने, तो इस खुशी को मिलकर मनाना चाहिए।
इसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स एक पत्र साझा किया। इसमें उन्होंने लिखा, प्यारे देशवासियो राष्ट्रीय मतदाता दिवस की आपको, आपके परिवारजनों और मित्रों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। देश के एक नागरिक के रूप में आपसे जुड़कर मुझे बहुत खुशी हो रही है। आप सभी की तरह भारतीय लोकतंत्र पर मुझे भी अत्यंत गर्व है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी
भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहा जाता है और यह सही भी है। हमें इस बात पर भी गर्व है कि भारत लोकतंत्र की जननी है, जिसके लोकतांत्रिक मूल्यों का इतिहास सदियों पुराना है। लोकतंत्र, बहस और संवाद हमारी संस्कृति में रचे-बसे हैं। देश में आम चुनाव की शुरुआत 1951 में हुई थी, यानि इस वर्ष हम उसके 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहे हैं। 1952 में संपत हुए इस चुनाव ने दुनिया को बताया कि लोकतांत्रिक भावना भारतीयों के स्वभाव में समाहित है।
मतदाता बड़ी जिम्मेदारी
लोकतंत्र में मतदाता होना विशेषाधिकार के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मतदान एक संवैधानिक अधिकार है, जो भारत के भविष्य में उसके नागरिकों की भागीदारी का प्रतीक है। मतदाता देश का भाग्यविधाता होता है। मतदान के अवसर पर उंगली पर लगने वाली अमिट स्याही बताती है कि हमारा लोकतंत्र बहुत जीवंत है और इसका उद्देश्य काफी बड़ा है।