मनरेगा को लेकर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला
नई दिल्ली। राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर मनरेगा को लेकर जुबानी हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वह गरीबों के काम के अधिकार यानी मनरेगा को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार मजदूरों के साथ वैसा ही व्यवहार कर रही है जैसा किसानों के साथ किया था। राहुल ने कहा कि भाजपा देश में राजा का शासन चाहती है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधा है। मनरेगा बचाओ मोर्चा अभियान में उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत गरीब लोगों को काम करने का अधिकार मिला था, लेकिन अब भाजपा इस योजना को खत्म करना चाहती है। राहुल गांधी ने मनरेगा के मुद्दे पर सरकार की तुलना कृषि कानूनों से की।
उन्होंने कहा कि सरकार मजदूरों के साथ वही करना चाहती है, जो उसने ‘तीन काले कृषि कानूनों’ के जरिए किसानों के साथ किया था। उन्होंने कहा कुछ साल पहले भाजपा ने किसानों पर आक्रमण किया था, लेकिन किसानों और हम सबने नरेंद्र मोदी पर दबाव डाल कर उसे रोक दिया। अब उसी तरह का हमला मजदूरों पर करने की कोशिश हो रही है। राहुल ने कहा भाजपा एक ऐसा भारत बनाना चाहती है, जहां सिर्फ एक राजा ही सब कुछ तय करे।
राहुल गांधी ने किया दावा
दिल्ली की केंद्र सरकार निर्णय लेगी कि किस राज्य को कितना पैसा भेजा जाएगा। भाजपा शासित राज्य में ज्यादा पैसा जाएगा और विपक्ष शासित राज्य में कम पैसा जाएगा।
केंद्र सरकार ही तय करेगी कि कब कहां काम होगा, किसको कितनी मजदूरी मिलेगी। जो अधिकार मजदूरों को मिलते थे, अब वह ठेकेदारों को मिलेंगे।
भाजपा की विचारधारा है कि देश का धन, संपत्ति चुने हुए हाथों में हो और वही लोग इस देश को चलाएं।
भाजपा चाहती है कि देश का पूरा धन अमीरों के हाथ में चला जाए, ताकि गरीब, दलित और आदिवासी लोग उनपर निर्भर हो जाएं और उनकी बात मानें।
