एम्स में रोबोट की मदद से 13 महीने में हुई हजार सर्जरी

 एम्स में रोबोट की मदद से 13 महीने में हुई हजार सर्जरी
नई दिल्ली। नई दिल्ली के एम्स में पिछले 13 महीने में एक हजार से अधिक रोबोटिक सर्जरी की गई है। जो कि एक रिकार्ड है। एम्स ने दावा किया है कि देश में पहली बार एम्स ने रोबोट की मदद से जनरल सर्जरी को अंजाम दिया है।
मरीजों की यह सर्जरी पूरी तरह से निशुल्क की गई। रोबोट की मदद से सर्जरी में सटीकता बढ़ी, कम चीर-फाड़ और खून का रिसाव बेहद कम देखने को मिला है। एम्स के सर्जिकल डिसिप्लिन्स विभाग के सर्जिकल ब्लॉक में 2024 में पांच नवंबर को पहली बार दा विंची रोबोट की मदद से रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की गई थी।
इस संबंध में एम्स में मंगलवार को प्रेसवार्ता का आयोजन किया। एम्स में रोबोटिक सर्जरी के लिए चौथी जेनरेशन के आठ रोबोट है। जिसमें दो रोबोट का इस्तेमाल प्रशिक्षण के लिए किया जा रहा है। सर्जिकल डिसिप्लिन्स विभाग के डॉ. सुनील ने पत्रकारों को बताया कि रोबोटिक सर्जरी से चीरफाड़ कम और मरीज जल्दी से ठीक होता है।
सर्जरी की मदद से डॉक्टरों को ऑपरेशन के दौरान थ्री-डायमेंशनल विजन मिलता है। जिससे मुश्किल सर्जरी भी ज्यादा आसान तरीके से हो जाती है। खासतौर ऐसे मामलों में जहां ओपन सर्जरी के दौरान सर्जरी करनी में दिक्कत आती है, वहां पर रोबोटिक सर्जरी काफी कारगर है।
उन्होंने बताया कि विभाग ने 13 महीने में एक हजार सर्जरी कर कामयाबी हासिल की है। देश के किसी दूसरे संस्थान में इतनी तादाद में सर्जरी नहीं की गई है।