वैश्विक संकटों के बीच दुनिया में सच और भरोसे की कमी : क्लाउस श्वाब
- दिल्ली राष्ट्रीय
Political Trust
- January 19, 2026
- 0
- 56
- 1 minute read
नई दिल्ली। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन क्लाउस श्वाब ने दावोस में होने वाली 56वीं वार्षिक बैठक से पहले समाज की बुनियादी नींव कमजोर पड़ने को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक संकटों के बीच दुनिया में सच और भरोसे की कमी है, जिसके बिना सामूहिक समाधान संभव नहीं है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा संदेश में श्वाब ने कहा कि सच के बिना साझा वास्तविकता खत्म हो जाती है और भरोसे के बिना मिलकर कार्रवाई की क्षमता कमजोर पड़ जाती है। उन्होंने संवाद और एक-दूसरे को सुनने को समाधान की कुंजी बताया।गौरतलब है कि डब्लूईएफ की 56वीं वार्षिक बैठक 19 से 23 जनवरी 2026 के बीच दावोस में होगी, जिसमें 130 से ज्यादा देशों के करीब 3,000 वैश्विक नेता हिस्सा लेंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब दुनिया भू-राजनीतिक तनाव, आर्थिक अनिश्चितता और तेज तकनीकी बदलाव के दौर से गुजर रही है। दावोस बैठक के दौरान प्रमुख वैश्विक नेताओं के विशेष संबोधन भी होंगे। 20 जनवरी को माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला शाम 7:30 बजे विशेष संबोधन और संवाद करेंगे। 21 जनवरी को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस 3:30 बजे भी विशेष सत्र को संबोधित कर सकते हैं। इनके अलावा एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग 2 बजे अपने विचार रखेंगे।
