केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रयासों से विदिशा को सड़क विकास की ऐतिहासिक सौगात

 केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रयासों से विदिशा को सड़क विकास की ऐतिहासिक सौगात

विदिशा/भोपाल/नई दिल्ली, 17 जनवरी 2026। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के विशेष प्रयासों से विदिशा संसदीय क्षेत्र और आसपास के जिलों को सड़क विकास की अब तक की सबसे बड़ी सौगात प्राप्त हुई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने विदिशा में लगभग 4,400 करोड़ रुपये की लागत से 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया, साथ ही लगभग 450 करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान रायसेन–विदिशा राष्ट्रीय राजमार्ग, विदिशा–ग्यारसपुर, ग्यारसपुर–राहतगढ़ तथा राहतगढ़ से सागर तक राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण और चौड़ीकरण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही इटारसी–बुधनी–बरखेड़ा–ओबेदुल्लागंज मार्ग, जो रातापानी अभयारण्य के बीच से होकर गुजरता है, का लोकार्पण भी किया गया। इस मार्ग के शुरू होने से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी और आवागमन कहीं अधिक सुगम होगा।

केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने मंच से एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि विदिशा–सागर–कोटा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को लगभग 16,000 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृति दे दी गई है। इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण से लगभग 75 किलोमीटर की दूरी कम होगी और यह दिल्ली–मुंबई तथा भोपाल–कानपुर जैसे प्रमुख एक्सप्रेस-वे से जुड़कर एक नए आर्थिक गलियारे के रूप में कार्य करेगा। श्री शिवराज सिंह चौहान की मांग पर नसरुल्लागंज–रेहटी–बुधनी तथा गोपालपुर–भेरुंदा मार्ग को चार लेन सीमेंट कंक्रीट सड़क के रूप में विकसित करने को भी हरी झंडी दी गई, जिससे विदिशा संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ नर्मदापुरम और सीहोर क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
सीआरएफ के तहत मध्यप्रदेश को 1,600 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने की घोषणा भी की गई, जिसमें से 400 करोड़ रुपये विशेष रूप से विदिशा संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभा के लिए मंजूर किए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा को 50 करोड़ रुपये की राशि से ग्रामीण और संपर्क सड़कों को सुदृढ़ किया जाएगा। श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इन सड़कों से किसानों की उपज को बाजार तक पहुंचाने, उद्योगों को बढ़ावा देने और पर्यटन को गति देने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में श्री चौहान ने विदिशा के लिए अपने दीर्घकालिक विकास विज़न को भी साझा किया। उन्होंने विदिशा के दक्षिणी बायपास के साथ-साथ उत्तरी बायपास के निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे शहर को चारों ओर से रिंग रोड का लाभ मिलेगा और यातायात व्यवस्था सुगम होगी। उन्होंने नर्मदा–बेतवा लिंक परियोजना, बेतवा नदी के सौंदर्यीकरण, घाटों के विकास, अंडरग्राउंड वायरिंग, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और रायसेन मेडिकल कॉलेज जैसे कार्यों को क्षेत्रीय विकास की दिशा में अहम बताया।
श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि विकास की भूख कभी खत्म नहीं होती। उन्होंने 4,400 करोड़ रुपये की सौगात के लिए श्री नितिन गडकरी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विदिशा, रायसेन, सीहोर, खातेगांव और इछावर सहित पूरे संसदीय क्षेत्र के लिए भविष्य में भी नई परियोजनाओं की मांग रखी। उन्होंने श्री गडकरी को असंभव को संभव करने वाला नेता बताते हुए कहा कि सड़क विकास में उनके योगदान के लिए क्षेत्र की जनता सदैव आभारी रहेगी। वहीं श्री गडकरी ने आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अगले पांच वर्षों में मध्यप्रदेश को एक समृद्ध और रोजगारयुक्त राज्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर घोषणा की कि विदिशा के दक्षिणी बायपास के उद्घाटन के लिए वे स्वयं उपस्थित रहेंगे और उसी समय लगभग 4,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उत्तरी बायपास का भी भूमिपूजन किया जाएगा, जिससे विदिशा एक मजबूत रिंग रोड नेटवर्क से जुड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में ग्वालियर–भोपाल–नागपुर ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे का निर्माण लगभग 40,000 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिससे यात्रा समय में बड़ी बचत होगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम से पूर्व बड़ा बाजार से जयप्रकाश मंच तक केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य रोड शो आयोजित किया गया। फूलों की बारिश और नारों के बीच विदिशावासियों ने अतिथियों का जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह आयोजन विदिशा के विकास इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण के रूप में दर्ज हो गया।