• July 17, 2026

साबरमती में PM मोदी और जर्मन चांसलर ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि; चरखा चलाया

 साबरमती में PM मोदी और जर्मन चांसलर ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि; चरखा चलाया
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ अहमदाबाद के साबरमती नदी के तट पर स्थित गांधी आश्रम का दौरा किया। दोनों नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और हृदयकुंज का अवलोकन किया।
गांधी आश्रम में दोनों नेताओं ने आश्रम की गतिविधियों और विकास कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में शामिल होने के लिए रवाना हुए, जहां मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी गांधी आश्रम में मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में गांधी आश्रम के नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की और इस संबंध में बैठक भी की।
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज रविवार देर रात अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उनकी यह यात्रा अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गांधी आश्रम की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर अहमदाबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग लेंगे, जहां वे विदेशी प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी साबरमती रिवरफ्रंट पर ‘अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026’ का उद्घाटन करेंगे।
पतंग महोत्सव के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर पहुंचेंगे, जहां भारत और जर्मनी के बीच द्विपक्षीय बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में व्यापार, तकनीक, उद्योग और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।