खामेनेई सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच निर्वासित युवराज रेजा पहलवी ने संदेश…
तेहरान। ईरान में जारी खामेनेई सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच निर्वासित युवराज रेजा पहलवी ने नया संदेश जारी किया है। पहलवी ने आंदोलन कर रहे लोगों से सड़कों से नहीं हटने की अपील की। निर्वासित युवराज का यह संदेश रविवार को देशभर में चल रहे व्यापक प्रदर्शनों और प्रदर्शनकारियों पर हो रही कार्रवाई के बीच जारी किया गया है। ईरान के अंतिम शाह के पुत्र पहलवी ने देशभर जारी विरोध प्रदर्शनों के लिए अपनी अपील दोहराई और आंदोलनकारियों से सड़कों पर हटे रहने का आग्रह किया।
डोनाल्ड ट्रंप की जमकर प्रशंसा की
रेजा पहलवी ने ईरानियों को यह आश्वासन भी दिया कि उनकी आवाज को दुनिया भर में उनके देशवासियों की ओर से बुलंद किया जा रहा है। निर्वासित ईरानी नेता ने ईरान के लोगों को समर्थन देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने देशवासियों को संबोधित करते हुए अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने आपकी अतुलनीय बहादुरी को करीब से देखा है और आपकी सहायता के लिए तत्परता जताई है।
‘सड़कों पर डटे रहें, मेरा दिल आपके साथ है’
पहलवी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किए गए ईरानियों के लिए अपने नए वीडियो संदेश में कहा, ‘आज पूरी दुनिया आपकी राष्ट्रीय क्रांति के साथ खड़ी है और आपके साहस की प्रशंसा करती है। विशेष रूप से, स्वतंत्र विश्व के नेता के रूप में राष्ट्रपति ट्रंप ने आपकी अतुलनीय बहादुरी को करीब से देखा है और आपकी सहायता के लिए तत्परता व्यक्त की है। सड़कों पर डटे रहें। मेरा दिल आपके साथ है। मुझे पता है कि मैं जल्द ही आपके साथ होऊंगा।’
