सोमनाथ में बोले PM मोदी- आक्रमणकारी भी करोड़ों लोगों की आस्था और चेतना को नहीं तोड़ सके

 सोमनाथ में बोले PM मोदी- आक्रमणकारी भी करोड़ों लोगों की आस्था और चेतना को नहीं तोड़ सके
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण से जुड़े ऐतिहासिक क्षणों को याद करते हुए कहा कि 2026 में 1951 के भव्य उद्घाटन समारोह के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी स्मृति में आज से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का शुभारंभ किया गया है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर से जुड़े ऐतिहासिक क्षणों को याद किया। उन्होंने कहा कि 31 अक्तूबर 2001 को सोमनाथ में आयोजित कार्यक्रम में मैंने भाग लिया था, जब 1951 में पुनर्निर्मित मंदिर के उद्घाटन के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया गया था। प्रधानमंत्री ने बताया कि 1951 का वह ऐतिहासिक समारोह तत्कालीन राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद की उपस्थिति में संपन्न हुआ था।
पुनर्निर्माण में योगदान देने वालों को किया याद
प्रधानमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण में सरदार पटेल, केएम मुंशी सहित कई महान विभूतियों का योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा। उन्होंने यह भी याद किया कि 2001 के कार्यक्रम में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और गृह मंत्री आडवाणी और अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए थे।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि जय सोमनाथ! सोमनाथ स्वाभिमान पर्व आज से शुरू हो रहा है। जनवरी 1026 में सोमनाथ पर पहला हमला हुआ था, लेकिन 1026 के हमले और उसके बाद हुए आक्रमण भी करोड़ों लोगों की आस्था और उस सभ्यतागत चेतना को नहीं तोड़ सके, जिसने सोमनाथ को बार-बार खड़ा किया।