ओम शक्ति भक्तों के जुलूस पर पथराव, हालात तनावपूर्ण

 ओम शक्ति भक्तों के जुलूस पर पथराव, हालात तनावपूर्ण
बेंगलुरु। बेंगलुरु के जगजीवन राम नगर इलाके में ओम शक्ति भक्तों के जुलूस पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस के मुताबिक स्थिति अब नियंत्रण में है। यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है। पथराव की इस घटना में दो महिलाएं घायल हुईं। जिनमें से एक को सिर में गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जेजे नगर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 8:15 से 9 बजे के बीच हुई, जब ओम शक्ति और अयप्पा स्वामी के भक्त परंपरागत रूप से जुलूस निकाल रहे थे। शिकायतकर्ता शशिकुमार एन ने बताया कि वह पिछले 23 वर्षों से ओम शक्ति और अयप्पा स्वामी की पूजा में शामिल होते रहे हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इससे पहले भी इलाके में धार्मिक आयोजनों के दौरान ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं ने इस घटना को धार्मिक भावनाओं पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।