दिल्ली के मेरिडियन होटल में युवक ने बिल्डिंग से कूद कर दी जान
नई दिल्ली। दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में युवक ने बिल्डिंग से कूदकर जान दे दी है। पुलिस जांच में जुटी है। मृतक की पहचान 55 साल के परविंदर सिंह जुनेजा के रूप में हुई है।
ली मेरिडियन होटल की छत से गिरकर शख्स की मौत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके में स्थित ली मेरिडियन होटल में एक घटना सामने आई। यहां एक 50 वर्षीय शख्स ने होटल की इमारत से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान परविंदर सिंह जुनेजा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और होटल स्टाफ में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, परविंदर सिंह जुनेजा ने आत्महत्या से कुछ ही देर पहले होटल में एंट्री की थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह सीधे होटल के 12वें फ्लोर पर गया और वहां से छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि परविंदर सिंह जुनेजा इससे पहले क्रिसमस के दौरान भी इसी ली मेरिडियन होटल में कुछ दिनों तक ठहर चुका था। हालांकि, इस बार होटल में आने का उसका मकसद क्या था और उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मृतक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
