बेहद खराब श्रेणी में हवा, जानें आज कितना एक्यूआई

 बेहद खराब श्रेणी में हवा, जानें आज कितना एक्यूआई

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का संकट एक बार फिर गहराता जा रहा है। हवा की दिशा बदलने और गति में थोड़ी वृद्धि के बावजूद दिल्लीवासियों को प्रदूषण से अपेक्षित राहत नहीं मिल पा रही है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के अनुसार, रविवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 318 दर्ज किया गया है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी की दहलीज पर है।

यह स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों में एक्यूआई में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया है। हालांकि, हवा की गति में परिवर्तन से कुछ इलाकों में प्रदूषण के स्तर में मामूली कमी आई, लेकिन समग्र रूप से हवा की गुणवत्ता अभी भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार चला गया है, जिससे हवा की गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गई है और सांस लेना दूभर हो गया है। दिल्ली के अलीपुर में एक्यूआई 340, आनंद विहार में एक्यूआई 350, अशोक विहार में 345, आया नगर में 328, बवाना में 267, बुराड़ी में 290, चांदनी चौक इलाके में 380 एक्यूआई दर्ज किया गया है।