प्रियंका के बेटे रेहान की दिल्ली की लड़की के साथ सगाई!
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई होने की बात सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, जिससे रेहान की सगाई हुई है, वह बीते कुछ वर्ष से उनकी मित्र हैं। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार भी लंबे वक्त से एकदूसरे को जानते हैं। अभी इस संबंध में दोनों ही परिवारों की ओर से आधिकारिक रूप से घोषणा नहीं की गई है। कांग्रेस की ओर से भी इस संबंध में अभी कोई बयान सामने नहीं आया है।
कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई की खबर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। रेहान की सगाई अवीवा बेग से होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि बेग खानदान की प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा से लंबे समय से पारिवारिक मित्रता है। बेग परिवार का गांधी परिवार से काफी पुराना परिचय है और इंदिरा गांधी के समय से ही इनके बीच जान पहचान है।
रेहान-अवीवा की हुई सगाई
बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच सगाई का कार्यक्रम हो चुका है। सगाई कार्यक्रम में चुनिंदा लोगों को ही बुलाया गया। सगाई कार्यक्रम को काफी निजी रखा गया है। अवीवा और रेहान एक दूसरे को पिछले कई वर्षों से एक दूसरे के संपर्क में हैं।
रेहान हैं विजुअल आर्टिस्ट
रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका गांधी के बेटे रेहान एक विजुअल आर्टिस्ट हैं। अलग-अलग शहरों में रेहान अपने आर्टवर्क की प्रदर्शनी भी लगा चुके हैं। रेहान की कला में काफी रुचि है। रेहान का यही शौक है और पेशा भी। बता दें कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से रेहान ने अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की। इसके बाद आगे की शिक्षा लंदन जाकर पूरी की।
