थाईलैंड-कंबोडिया के विदेश मंत्रियों ने की बीजिंग में मुलाकात, चीन की मध्यस्थता में बात
बीजिंग। चीनी की मध्यस्थता में सोमवार को थाईलैंड और कंबोडिया के विदेश मंत्रियों ने मुलाकात की। इस बातचीत में दोनों देशों ने संघर्ष विराम को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। गौरतलब है कि अमेरिका की मध्यस्थता में हुआ संघर्ष विराम जारी नहीं रह पाया और अब चीन ने बतौर मध्यस्थ एंट्री ली है।
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी तनाव के बीच दोनों देशों के विदेश मंत्री सोमवार को चीन के युन्नान प्रांत में चीन के विदेश मंत्री से मिले। दोनों देशों के संघर्ष में अब चीन मध्यस्थ की भूमिका में है और इसके जरिए चीन दुनिया की वैश्विक कूटनीति में अपनी मौजूदगी को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
हम नहीं चाहते युद्ध की आग भड़के
चीन में थाईलैंड और कंबोडिया के विदेश मंत्रियों की मुलाकात, दोनों देशों के बीच ताजा संघर्ष विराम समझौते पर हस्ताक्षर के बाद हो रही है। संघर्ष विराम के साथ ही दोनों देशों का संघर्ष फिलहाल थम गया है, जिसमें अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और सीमा के दोनों तरफ हजारों लोगों को विस्थापन झेलना पड़ा है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने थाईलैंड और कंबोडिया के विदेश मंत्रियों की बैठक बुलाई थी। चीनी विदेश मंत्री वांग ने बैठक के बाद कहा, ‘युद्ध की आग को फिर से भड़कने देना निश्चित रूप से दोनों देशों के लोग नहीं चाहते हैं, और न ही चीन ऐसा देखना चाहता है। इसलिए, हमें दृढ़ता से आगे देखना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए।’
