नाइजीरिया में ISIS के ठिकानों पर अमेरिका का भीषण हमला

 नाइजीरिया में ISIS के ठिकानों पर अमेरिका का भीषण हमला

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने हा कि अमेरिका ने नाइजीरिया में ISIS के ठिकानों पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दावा किया कि अमेरिका कट्टर इस्लामी आतंकवाद को नाइजीरिया में पनपने नहीं देगा।

क्रिसमस की रात जारी बयान में ट्रंप ने लिखा कि कमांडर-इन-चीफ के तौर पर उनके निर्देश के बाद उत्तर-पश्चिम नाइजीरिया में ISIS के आतंकियों पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि ये आतंकी मुख्य रूप से निर्दोष ईसाइयों को निशाना बना रहे थे। ट्रंप ने कहा कि इन आतंकवादियों की क्रूरता सालों या सदियों में नहीं देखी गई थी।

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पहले भी इन आतंकवादियों को चेतावनी दी थी कि यदि ईसाइयों की हत्याएं नहीं रोकी गईं तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने कहा कि उसी चेतावनी के तहत यह कार्रवाई की गई।

अपने पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के रक्षा विभाग ने कई ‘सटीक हमले’ किए। उन्होंने दावा किया कि उनके नेतृत्व में अमेरिका कट्टर इस्लामी आतंकवाद को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं देगा।

हालांकि, ट्रंप की पोस्ट में यह नहीं बताया गया कि हमला किस तरह किया गया और उसका क्या असर पड़ा। व्हाइट हाउस ने भी इस संबंध में तुरंत कोई अतिरिक्त जानकारी जारी नहीं की।