रोशनी से जगमगाए चर्च, दिल्ली में मनाई जा रही क्रिसमस की खुशियां
नई दिल्ली। दिल्ली में क्रिसमस के मौके पर राजधानी के प्रमुख गिरजाघरों में रौनक देखते ही बन रही है। जीपीओ, लोधी रोड, साकेत, वसंत कुंज और पुरानी दिल्ली के चर्चों को खास तौर पर सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइट, क्रिसमस ट्री, सितारे और झिलमिलाते बल्ब पूरे इलाकों को उत्सव के रंग में रंग रहे हैं।
क्रिसमस के मौके पर गिरजाघरों में प्रार्थना सभाओं का सिलसिला शुरू हो चुका है। जीपीओ चर्च में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिनमें दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों से आए पर्यटक भी शामिल हैं। यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं, लोधी रोड स्थित चर्च में सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। परिवार के साथ पहुंचे लोग मोमबत्तियां जलाकर प्रार्थना करते नजर आए।
क्रिसमस को लेकर चर्चों के बाहर छोटे-छोटे बाजार भी सज गए हैं। यहां सांता क्लॉज की टोपी, क्रिसमस ट्री, सितारे, मोमबत्तियां और सजावट का अन्य सामान खरीदा जा रहा है। बच्चे खास तौर पर सांता क्लॉज की पोशाक पहनकर बेहद उत्साहित दिख रहे हैं। कई चर्चों में बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जहां उन्हें उपहार भी बांटे गए। दिल्ली में क्रिसमस अब सिर्फ ईसाई समुदाय तक सीमित नहीं रह गया है।
बड़ी संख्या में हिंदू, सिख और मुस्लिम परिवार भी चर्च पहुंचकर इस पर्व की खुशियों में शामिल हो रहे हैं। ईसाई समुदाय से जुड़े एके पॉल ने बताया कि क्रिसमस प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देता है, इसलिए वे हर साल इस दिन चर्च आते हैं। वहीं, लोगों ने बताया कि क्रिसमस दिल्ली में नहीं देश और दुनिया में भी मनाया जा रहा है। क्रिसमस के मौके पर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चर्चों के आसपास पुलिस बल तैनात है और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। क्रिसमस से एक दिन पहले दिल्ली का माहौल रोशनी, प्रार्थना और खुशियों से सराबोर नजर आ रहा है।
