NBCC का दुबई में ऐतिहासिक प्रवेश, अंतरराष्ट्रीय रियल एस्टेट में मजबूत कदम

 NBCC का दुबई में ऐतिहासिक प्रवेश, अंतरराष्ट्रीय रियल एस्टेट में मजबूत कदम

Political trust-NBCC (इंडिया) लिमिटेड ने अंतरराष्ट्रीय रियल एस्टेट क्षेत्र में एक नया अध्याय जोड़ते हुए दुबई में अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। NBCC ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी NBCC Overseas Real Estate LLC के माध्यम से दुबई में ओवरसीज रियल एस्टेट ऑपरेशंस की शुरुआत की है। इसके साथ ही NBCC दुबई में रियल एस्टेट डेवलपर के रूप में कदम रखने वाली देश की पहली केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी (CPSU) बन गई है।
NBCC Overseas Real Estate LLC ने दुबई मेनलैंड में एक प्रमुख भू-खंड का अधिग्रहण किया है, जिसकी कुल लागत लगभग AED 16 मिलियन है। इसमें दुबई लैंड डिपार्टमेंट, ब्रोकर और अन्य शुल्क के रूप में लगभग AED 1 मिलियन शामिल हैं। इस भूमि पर एक मिश्रित उपयोग (मिक्स्ड यूज़) परियोजना विकसित की जाएगी।
प्रस्तावित परियोजना का कुल ग्रॉस फ्लोर एरिया (GFA) 51,718 वर्ग फुट है और इसका विन्यास G+2P+8 मंजिला होगा। इस परियोजना से लगभग AED 58 से 60 मिलियन के राजस्व की उम्मीद जताई जा रही है।
यह उपलब्धि भारत सरकार और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के समर्थन एवं अनुमोदन से प्राप्त हुई है, जो NBCC के वैश्विक विस्तार की रणनीति का हिस्सा है। NBCC प्रबंधन ने अपने मजबूत ब्रांड, दूरदर्शी सोच और प्रतिस्पर्धी मूल्य निर्धारण का लाभ उठाते हुए इस परियोजना को साकार किया है, जो कंपनी के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
देश के भीतर भी NBCC ने रियल एस्टेट क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर NBCC ने रुकी हुई अमरपाली परियोजनाओं को संभालते हुए हजारों घर खरीदारों को राहत दी है। लगभग 38,000 आवासीय इकाइयों की जिम्मेदारी में से NBCC अब तक करीब 30,000 इकाइयों का निर्माण पूरा कर चुका है। इसके साथ ही, अप्रयुक्त फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) के विकास के तहत 8,200 नई इकाइयों के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
इससे पहले NBCC ने वर्ल्ड एक्सपो 2020 के दौरान दुबई साउथ में भारत मंडप (India Pavilion) का सफलतापूर्वक निर्माण किया था, जिसकी परियोजना लागत लगभग AED 172 मिलियन (करीब 46.8 मिलियन अमेरिकी डॉलर) थी। इस परियोजना ने वैश्विक मंच पर भारतीय क्षमता और उत्कृष्टता को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया।
दुबई में रियल एस्टेट क्षेत्र में यह नया कदम NBCC की वैश्विक उपस्थिति को और मजबूत करेगा तथा भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए विकास और निवेश के अवसर खोलेगा।