भीषण कोहरे की चपेट में उत्तर भारत, हवाई और रेल सफर पर ब्रेक
नई दिल्ली। आज रविवार सुबह भीषण कोहरे के चलते दृश्यता शून्य है। इसके चलते उड़ान सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हुईं। जिसके चलते इंडिगो एयरलाइन ने भी एडवाइजरी जारी की है। वहीं कई ट्रेनों की रफ्तार भी थम गई।
उत्तर भारत भीषण ठंड की चपेट में है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक शनिवार को सर्द हवाएं कंपकंपी छुड़ाती रहीं। सुबह और रात के समय घने कोहरे के चलते मुश्किलें बढ़ गई हैं। दृश्यता कम होने से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह बाधित रहा। केवल दिल्ली में ही 129 उड़ानें रद्द हुईं। वहीं रविवार को भी कई उड़ानें रद्द और ट्रेनों की गति पर ब्रेक लग गया है।
बंगलूरू और अमृतसर की उड़ानों पर असर
इंडिगो एयरलाइन ने जानकारी दी है कि खराब मौसम के चलते बेंगलुरु और अमृतसर में दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है। एयरलाइन ने कहा कि वह लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के प्रयास कर रही है।
ट्रेनों की थमी रफ्तार, उड़ाने लेट
घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धम गई। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर घने कोहरे और धुंध के कारण शनिवार को रद्द हुईं 129 उड़ानों में 63 प्रस्थान और 66 आगमन वाली थीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय, हवाई अड्डा प्राधिकरण और विभिन्न एयरलाइनों ने मौसम की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यात्रियों के लिए सलाह जारी की है और उन्हें अपनी उड़ानों की सही स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलने को कहा गया है। वहीं रेल यात्रा भी बाधित रही।
इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी
इंडिगो ने शनिवार को एक यात्रा एडवाइजरी जारी की। एयरलाइन ने यात्रियों को आगाह किया कि रविवार को दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है, जिससे उड़ानों पर असर पड़ सकता है। एयरलाइन ने कहा कि कम दृश्यता के कारण उड़ानों में देरी या समय-सारिणी में बदलाव हो सकता है।
