ट्रंप का दावा: रूस-यूक्रेन शांति समझौता के करीब

 ट्रंप का दावा: रूस-यूक्रेन शांति समझौता के करीब

वॉशिंगटन। रूस-यूक्रेन युद्ध तीन साल से ज्यादा समय से जारी है, लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि शांति समझौता अब पहले से ज्यादा करीब है। बर्लिन में अमेरिका, यूरोप, नाटो और यूक्रेन के बीच हुई लंबी बातचीत से उम्मीद बढ़ी है। यूरोपीय देश सुरक्षा गारंटी को तैयार हैं, लेकिन इलाकों के नियंत्रण को लेकर अब भी सहमति नहीं बन पाई है।

तीन साल से ज्यादा समय से चल रहे रूस और यूक्रेन संघर्ष इतने प्रयासों के बाद भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देशों के बीच हालात अभी भी तनावपूर्ण है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इस संघर्ष के जल्द खत्म होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन शांति समझौते को लेकर पहले से कहीं ज्यादा करबी आ चुके हैं। यह दावा उन्होंने अमेरिकी समयानुसार सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान की। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि बर्लिन में यूरोपीय नेताओं और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ लंबी बातचीत के बाद हालात बेहतर होते दिख रहे हैं।

बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब बर्लिन में अमेरिका, यूरोपीय देशों, नाटो के नेताओं और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच कई घंटे तक बातचीत हुई। इन बैठकों में युद्ध को खत्म करने के तरीकों पर चर्चा की गई। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार यूरोपीय देश यूक्रेन को पश्चिमी सुरक्षा गारंटी देने के लिए तैयार हैं। लेकिन किस इलाके पर किसका नियंत्रण रहेगा, यह मुद्दा अब भी सबसे बड़ी रुकावट बना हुआ है।