थाईलैंड में हिरासत में लिए गए लूथरा बंधु, लाया जाएगा भारत

 थाईलैंड में हिरासत में लिए गए लूथरा बंधु, लाया जाएगा भारत
गोवा। गोवा के नाइटक्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा भाई थाईलैंड में हिरासत में लिए गए हैं और उन्हें भारत लाकर मुकदमे का सामना कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस भीषण अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हो गई थी। सूत्रों ने आज गुरुवार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय (एमईए) गोवा सरकार के अनुरोध पर गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के पासपोर्ट रद्द करने पर विचार कर रहा है। ये दोनों उत्तर गोवा के अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के सह-मालिक हैं। आग लगने के तुरंत बाद छह दिसंबर को ही दोनों भारत छोड़कर चले गए थे। इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के आग्रह पर इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है।
गोवा पुलिस की जांच में सामने आया कि लूथरा भाइयों ने अग्निकांड के समय ही थाईलैंड के लिए उड़ान का टिकट बुक कर ली थी। अधिकारियों के मुताबिक, गौरव और सौरभ ने सात दिसंबर की सुबह 1.17 बजे मेक माय ट्रिप के जरिये टिकट बुक किए, जबकि दमकल और पुलिस की टीमें आग बुझाने और फंसे हुए लोगों को बचाने में लगी हुई थीं। एक अधिकारी ने कहा, जैसे ही गोवा पुलिस और दमकल टीम आग को काबू में करने और अंदर फंसे लोगों को बचाने में जुटी थी, लूथरा भाई देश छोड़ने की तैयारी कर रहे थे।
दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को लूथरा भाइयों को अस्थायी सुरक्षा देने से इनकार किया। उनके वकीलों ने दावा किया कि लूथरा देश छोड़कर नहीं गए, बल्कि व्यावसायिक यात्रा पर हैं और वे नाइटक्लब के मालिक नहीं हैं, बल्कि लाइसेंस रखने वाले हैं।