दिल्ली में न्यूनतम तापमान लुढ़कर 8 डिग्री पहुंचा, बढ़ेगी ठंड

 दिल्ली में न्यूनतम तापमान लुढ़कर 8 डिग्री पहुंचा, बढ़ेगी ठंड

नई दिल्ली। दो साल बाद नवंबर माह की सबसे ठंडी सुबह रही। न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 8 डिग्री तक पहुंच गया। इससे पहले वर्ष 2024 में नवंबर में 9.5 डिग्री सेल्सियस व वर्ष 2023 में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दिल्ली में सुबह व रात को कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा है। ठंडी हवाओं से बीते दो दिन से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है। दो साल बाद नवंबर माह की सबसे ठंडी सुबह रही। न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 8 डिग्री तक पहुंच गया। इससे पहले वर्ष 2024 में नवंबर में 9.5 डिग्री सेल्सियस व वर्ष 2023 में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वर्ष 2022 में नवंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। नवंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान का ऑल टाइम रिकॉर्ड वर्ष 1938 में 28 नवंबर का है, जब न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वर्ष 2020 में 23 नवंबर को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 25.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आयानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली में सुबह व शाम के समय तो ठिठुरन का अहसास हो रहा है लेकिन दिन में धूप निकलने से सर्दी की ठिठुरन कम लग रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को भी लगभग ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

2 दिसंबर तक का मौसम का पूर्वानुमान

आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 27 नवंबर से 2 दिसंबर के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं, मध्यम स्तर का कोहरा रहने की भी संभावना है।