अमेरिका में खत्म होगा शटडाउन, सीनेट ने पास किया विधेयक

 अमेरिका में खत्म होगा शटडाउन, सीनेट ने पास किया विधेयक
वॉशिंगटन। अमेरिका में 41 दिन से चल रहा सरकारी शटडाउन अब समाप्ति के करीब है। सीनेट की मंजूरी के बाद अब नजरें हाउस की वोटिंग पर टिकी हैं। अगर वहां से भी हरी झंडी मिलती है, तो अमेरिका में ठप पड़े सरकारी कामकाज जल्द ही पटरी पर लौट आएंगे।
अमेरिका में 41 दिन से जारी सरकारी शटडाउन अब समाप्ति की ओर है। सीनेट ने सरकार को दोबारा खोलने वाला बिल पास कर दिया है। यह कदम देश के इतिहास के सबसे लंबे शटडाउन को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अब यह बिल हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में जाएगा, जहां सांसदों के लौटने के बाद इस पर अंतिम वोटिंग होगी। वहां से मंजूरी मिलने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप के हस्ताक्षर के साथ यह कानून बन जाएगा और सरकारी कामकाज फिर से शुरू हो जाएगा।
60-40 से पास हुआ बिल
वोटिंग में बिल 60-40 के अनुपात से पारित हुआ। यह वोटिंग एक लंबे राजनीतिक गतिरोध के बाद हुई, जो छह हफ्तों से ज्यादा चला। डेमोक्रेट्स की मांग थी कि रिपब्लिकन पार्टी 1 जनवरी से खत्म होने वाले हेल्थकेयर टैक्स क्रेडिट्स को बढ़ाने पर बातचीत करे, लेकिन रिपब्लिकन सांसदों ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। आखिरकार, पांच मध्यमार्गी डेमोक्रेट्स ने पक्ष बदलते हुए बिल के समर्थन में वोट दिया।
शटडाउन से ठप हुई थी सेवाएं
शटडाउन के कारण लाखों संघीय कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला, खाद्य सहायता बाधित हुई और हवाई यात्रा में भारी देरी देखने को मिली। इन हालातों ने सरकार पर भारी दबाव डाला कि जल्द से जल्द समझौता किया जाए।