बिहार चुनाव के अंतिम चरण में आज 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान शुरू

 बिहार चुनाव के अंतिम चरण में आज 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान शुरू
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान आज शुरू हो गए हैं। आज 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इन सीटों पर 12 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है।
पूर्णिया में मतदान शुरू
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत पूर्णिया जिले की कुल सात विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिले के 2553 मतदान केंद्रों पर कुल 20 लाख 93 हजार 212 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। आज 69 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है।
अलर्ट मोड पर बिहार पुलिस
दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद बिहार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है। जहां चुनाव में हैं, वहां विशेष सावधानी बरती जा रही है। बिहार डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि दूसरे चरण के चुनाव की तैयारियां पहले चरण से भी ज़्यादा कड़ी हैं। जिन ज़िलों में मतदान होगा, उनमें से कुछ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित हैं, जैसे भारत-नेपाल सीमा से लगे सात ज़िले। अंतरराज्यीय सीमा से लगे ज़िलों में भी चुनाव हो रहे हैं। इन राज्यों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और इन राज्यों के डीजीपी से बातचीत भी हो चुकी है। डीजीपी ने कहा कि आम लोगों से अपील है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें, कुछ भी संदिग्ध गतिविधि महसूस होने पर पुलिस को फौरन जानकारी दें।
122 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है
बिहार में दूसरे चरण के लिए 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। मॉक पोल के बाद मतदान प्रकिया शुरू कर दी गई। हर मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। दूसरे चरण के मतदान में 1302 प्रत्याशी चुनावी मैदान हैं। इनमें 1165 पुरुष उम्मीदवार, 136 महिला उम्मीदवार और एक थर्ड जेंड हैं। वहीं तीन करोड़ 70 लाख मतदाता दूसरे चरण में मतदान करेंगे। एक करोड़ 95 लाख पुरुष वोटर हैं। एक करोड़ 74 लाख महिला वोटर हैं। चार लाख चार हजार दिव्यांग वोटर हैं। 63373 सर्विस वोटर हैं। 943 थर्ड जेंडर हैं। 43 एनआरआई हैं। वहीं 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या सात लाख 69 हजार 356 है।
पहले मतदान, फिर जलपान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है। आज बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। सभी मतदाताओं से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
4003 बूथों पर चार बजे तक ही होगा मतदान
दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इसके लिए 45339 मतदान केंद्र बनाएं गए हैं। इनमें से 4109 बूथों को संवेदनशील बनाया गया है। इसमें 4003 अतिसंवेदनशील बूथ घोषित हैं। यहां पर चार बजे तक मतदान होगा। कटोरिया, बेलहर, चैनपुर, चेनारी, गोह, नवीनगर, कुटुंबा, औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, बाराचट्टी के (36 बूथ), बोधगया (200 बूथ), रजौली, गोविंदपुर, सिकंदरा, जमुई, झाझा, चकाई विधानसभा में बनाए गए बूथों पर शाम चार बजे मतदान होगा। वहीं बोधगया में 106 बूथों पर शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इन बूथों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात रहने का निर्देश दिया गया है।