इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा के बीच होली, ये है पूरी डेट शीट
प्रयागराज। यूपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट घोषित कर दी है। हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षाएं एक साथ 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक होंगी। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा की पूरी डेटशीट।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। परीक्षार्थियों के लिए राहत की बात है कि प्रमुख विषयों की परीक्षाएं लगातार नहीं हैं।
इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग की परीक्षा में भी दो विषयों के बीच एक या अधिक दिन का अंतराल है। ऐसे में विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। परिषद ने परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम बुधवार को घोषित कर दिया।
पिछले वर्ष भी 24 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होकर 12 मार्च तक चली थीं। इस तरह से 2026 में पिछले वर्ष की तुलना में छह दिन पहले यानि, 18 फरवरी से परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी लेकिन संपन्न 12 मार्च को ही होंगी।
पिछले वर्ष होली से पहले परीक्षाएं खत्म हो गई थीं लेकिन इस बार चार मार्च को होली पड़ रही है। इससे एक से छह मार्च के बीच कोई पेपर नहीं रखा गया है। इससे इस वर्ष परीक्षाएं पिछले साल की तुलना में छह दिन अधिक चलेंगी।
परिषद के अफसरों के अनुसार तीन साल पहले सात फरवरी से परीक्षाएं शुरू हुई थीं और 2026 में 18 से शुरू होंगी। परीक्षाएं दो पालियों में सुबह 8:30 से 11:45 एवं दिन में दो से 5:15 बजे के बीच होंगी।
प्रमुख विषयों के बीच है अंतराल
इस बार प्रमुख विषयों की परीक्षाओं के बीच परीक्षार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त अंतराल भी मिला है। हाईस्कूल की बात करें तो 18 फरवरी को परीक्षा की शुरुआत हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी से होगी। इसके बाद अंग्रेजी की परीक्षा 23 फरवरी को होगी। विज्ञान की परीक्षा 25 व इसके बाद गणित की 27 फरवरी को होगी।
इंटरमीडिएट की परीक्षा 18 फरवरी को हिंदी से
इंटरमीडिएट की परीक्षा भी 18 फरवरी को हिंदी से शुरू होगी। इसके बाद अंग्रेजी की परीक्षा 20 फरवरी को होगी। जीव विज्ञान एवं गणित की परीक्षा 23 फरवरी को होगी। वहीं, रसायन विज्ञान की 25 व भौतिकी की 27 फरवरी को परीक्षा होगी। इस तरह से प्रमुख विषयों की परीक्षाएं लगातार नहीं रखी गई हैं।
होली से पहले संपन्न हो जाएंगी प्रमुख परीक्षाएं
2026 में होली चार मार्च को है। इस तरह से यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के बीच में होली का त्योहार पड़ेगा। हालांकि, प्रमुख विषयों की परीक्षाएं इससे पहले समाप्त हो जाएंगी। हाईस्कूल की होली के बाद सात मार्च को वाणिज्य की परीक्षा है। इसके बाद उर्दू, चित्रकला, रंजन कला, संगीत गायन, पालि, अरबी, फारसी, कृषि जैसे विषयों की परीक्षाएं हैं, जिसमें विद्यार्थियों की संख्या कम होगी।
