• July 17, 2026

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती पर स्टैच्यू आफ यूनिटी पर भव्य कार्यक्रम

 सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती पर स्टैच्यू आफ यूनिटी पर भव्य कार्यक्रम

नई दिल्ली। सरदार वल्लभभाई पटेल की आज 150वीं जयंती है। आज गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम गणतंत्र दिवस की तर्ज पर आयोजित होगा, जिसमें सांस्कृतिक परेड, राज्यों की झांकियां निकाली जाएंगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद होंगे।

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने लौहपुरुष को किया याद

राष्ट्रीय एकता दिवस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, ‘सरदार वल्लभभाई पटेल (स्वतंत्रता संग्राम के दौरान) सभी आंदोलनों की रीढ़ थे और उन्होंने उनकी सफलता सुनिश्चित की। उनके सभी कदम आज भी प्रासंगिक हैं।’

बीएसएफ, सीआईएसएफ की टुकड़ियां हुईं शामिल

‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ परेड में BSF, CRPF, CISF, ITBP और SSB की टुकड़ियां के साथ-साथ असम, त्रिपुरा, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, केरल, आंध्र प्रदेश राज्यों के पुलिस बल भी शामिल हैं।

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एकता की शपथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ परेड की सलामी ली।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर शक्ति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

अमित शाह ने रन फॉर यूनिटी को दिखाई हरी झंडी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से ‘रन फॉर यूनिटी’ को झंडी दिखाई।

भारत के निर्माण में सरदार पटेल की बड़ी भूमिका रही’

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘आज का दिन हमारे लिए विशेष दिन है। हर 31 अक्टूबर को हम एकता दौड़ सरदार पटेल साहब के सम्मान में आयोजित करते हैं। आज सरदार पटेल साहब की 150वीं जयंती है और इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री मोदी ने तय किया है कि इसको एक विशेष आयोजन के रूप में देशभर में मनाया जाएगा। आजादी के आंदोलन में और आजादी के बाद भारत के अभी के मानचित्र के निर्माण में सरदार पटेल की बहुत बड़ी भूमिका रही है।’