अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की मौजूदगी में थाईलैंड और कंबोडिया ने संघर्ष विराम समझौते पर हस्ताक्षर किए

 अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की मौजूदगी में थाईलैंड और कंबोडिया ने संघर्ष विराम समझौते पर हस्ताक्षर किए

कुआलालंपुर। थाईलैंड और कंबोडिया की सरकारों के बीच रविवार को संघर्ष विराम समझौते पर हस्ताक्षर हो गए। ये हस्ताक्षर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में हुए हैं। गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर हिंसक झड़पें हुईं थी और दोनों देश युद्ध के मुहाने पर पहुंच गए थे। हालांकि कथितत तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दखल के बाद दोनों देश संघर्ष विराम के लिए तैयार हो गए थे। ट्रंप ने आर्थिक दबाव डालकर दोनों देशों के बीच शांति कराने का दावा किया था।

पांच दिनों तक चली दोनों देशों में लड़ाई

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जुलाई में पांच दिनों तक लड़ाई चली थी, जिसमें दर्जनों लोग मारे गए और हजारों लोग घायल हुए थे। जमीन पर दावे को लेकर दोनों देश भिड़े थे। हालांकि ट्रंप के दखल के बाद दोनों देश संघर्ष विराम के लिए तैयार हो गए थे। समझौते के तहत पहले चरण में थाईलैंड और कंबोडिया कैदियों को रिहा करेंगे और कंबोडिया अपने तोपखाने को सीमा से हटाना शुरू करेगा। समझौते के तहत क्षेत्रीय ऑब्जर्वर स्थिति पर नजर रखेंगे और ये सुनिश्चित करेंगे कि लड़ाई दोबारा शुरू न होने पाए। कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ‘हमने कुछ ऐसा किया, जिसे लेकर बहुत से लोगों ने कहा था कि ये नहीं हो सकता’। कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने इस ऐतिहासिक दिन बताया। थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता स्थायी शांति की बुनियाद तैयार करेगा।