अयोध्या में 26 लाख दीयों से जगमग हुई राम की पैड़ी, अर्चकों ने की सरयू आरती, अयोध्या दीपोत्सव में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

 अयोध्या में 26 लाख दीयों से जगमग हुई राम की पैड़ी, अर्चकों ने की सरयू आरती, अयोध्या दीपोत्सव में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
अयोध्या। आज नरक चतुर्दशी के दिन राम की नगरी अयोध्या दुल्हन की तरह सजी हुई है। आज अयोध्या में 9वां दीपोत्सव मनाया गया। इस बार दीपोत्सव में वर्ल्ड रिकॉर्ड बने हैं।  पहला राम की पैड़ी पर एक साथ 26 लाख 17 हजार 215 दीप जलाकर और दूसरा 2128 साधकों व अर्चकों, वेदाचार्यों ने एक साथ मिलकर सरयू आरती की।
राम की पैड़ी समेत सरयू तट पर बने 56 घाटों पर 28 लाख दीये लगाए गए थे। हालांकि, 26 लाख 17 हजार 215 दीप एक साथ जलाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम इस कीर्तिमान को दर्ज करने के लिए खुद अयोध्या में मौजूद रही। ड्रोन से इन दीपों की काउंटिंग की गई। 2024 दीपोत्सव में 25 लाख 12 हजार 585 दीये जलाए गए थे। जिसे इस बार 26 लाख 17 हजार 215 दीये जलाकर तोड़ दिया गया। पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह व प्रमुख सचिव (पर्यटन-संस्कृति) अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गिनीज रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र सौंपा।
बता दें कि आज 9वें दीपोत्सव पर दो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए गए. पहला 26 लाख 17 हजार 1215 दीपक एक साथ जलाए गए. दूसरा सरयू तट पर 2,128 अर्चक ने सरयू तय पर महाआरती की। दोनों गिनीज रिकॉर्ड की कॉपी सीएम योगी को सौंपी गई। इसके साथ 1100 ड्रोन से विशेष शो किया गया।
फूलों से सजा रामलला का मंदिर
वहीं रामलला का मंदिर फूलों से सजा है। सीएम योगी ने शाम को रामलला की आरती भी की। राम की पैड़ी पर लेजर लाइट शो भी किया गया, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु मौजूद रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने यहां पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूपों की रामकथा पार्क हेलीपैड पर अगवानी की।
33000 वॉलिंटियर्स ने जलाए दीये
अयोध्या दीपोत्सव की तैयारी बीते कई महीनों से हजारों वॉलिंटियर्स कर रहे थे। आज इस शुभ अवसर पर राम की पैड़ी सहित सरयू के 56 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीयों को सजाने के बाद उसमें तेल और बाती को लगाने का कार्य शाम तक कर लिया गया। फिर धीरे-धीरे दीपों को जलाया जाने लगा। अवध विश्वविद्यालय और स्वयं सेवी संस्थाओं के 33 हजार वॉलिंटियर्स ने इस कार्य को संपन्न किया।