पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में गुनगुनी ठंड, दक्षिणी राज्यों में बारिश
नई दिल्ली। पहाड़ों पर सर्दी के मौसम की पहली बर्फबारी से मैदानी इलाकों में गुनगुनी ठंड शुरू हो गई है। वहीं दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर जारी है।
हिमालयी क्षेत्र में इस बार समय से पहले बर्फबारी शुरू हुई है। आमतौर पर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अक्तूबर के आखिर या नवंबर में बर्फबारी शुरू होती है और दिसंबर तक भारी हिमपात होता है। लेकिन इस बार अक्तूबर के पहले हफ्ते से ही इन राज्यों में बर्फ गिरने लगी है।
उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून की वापसी के साथ ही गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश समेत पश्चिमी हिमालयी राज्यों में पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। उत्तराखंड में हेमकुंड साहिब और केदरनाथ धाम समेत कई जगहों पर दो फीट तक बर्फ जब गई है। इससे, पहाड़ी राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में जहां रात का पारा शून्य को छूने लगा है, वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत मैदानी राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। हालांकि, लौटते मानसून के कारण पूर्वी और दक्षिण भारतीय राज्यों में कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर भी जारी है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के इलाकों में अभी भी हल्की बारिश होने की संभावना है।
इस बार समय से पहले बर्फबारी शुरू
हिमालयी क्षेत्र में इस बार समय से पहले बर्फबारी शुरू हुई है। आमतौर पर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अक्तूबर के आखिर या नवंबर में बर्फबारी शुरू होती है और दिसंबर तक भारी हिमपात होता है। लेकिन इस बार अक्तूबर के पहले हफ्ते से ही इन राज्यों में बर्फ गिरने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग, उत्तराखंड के केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और हिमाचल के किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिलों में बर्फबारी होने लगी है। कहीं-कहीं दो-दो फीट बर्फ जम गई है। पहगाम में 2.8 और गुलमर्ग में 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, उत्तराखंड के मुक्तेश्वर में यह 8.8, नई टिहरी में 9.8 और मसूरी में 11 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि हिमाचल के केलांग में माइनस 1 डिग्री, कुकुमसेरी में 2.3 और कल्पा में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी ठंड
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर जल्दी बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण उत्तर भारत में सर्दी समय से पहले महसूस की जाने लगी है। अगर मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान की बात करें तो शनिवार को चंडीगढ़ में 18.1, हरियाणा के हिसार में 17.6 और फरीदाबाद में 17.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है और रात में ठंड होने लगी है। शनिवार को पालम में तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम है। उत्तर प्रदेश के इटावा में न्यूनतम तापमान 17.6 और मेरठ में 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का यह भी कहना है कि ठंड का यह दौर थोड़ समय के लिए हो सकता है और उसके बाद फिर तापमान बढ़ने की संभावना है। हालांकि, इस बार 70 फीसदी संभावना है कि अधिक सर्दी पड़े।
