लेकॉर्नू बने फ्रांस के PM, मैक्रों ने दिया मौका पेरिस।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सेबस्टियन लेकोर्नू को प्रधानमंत्री के रूप में पुन: नियुक्त किया। उन्हें सरकार बनाने और बजट तैयार करने का कार्य सौंपा है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सेबस्टियन लेकोर्नू को फिर से प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया। लेकोर्नू ने हाल ही में इस्तीफा दिया था, लेकिन राष्ट्रपति ने उन्हें फिर से सरकार बनाने और बजट तैयार करने की चुनौती दी है। यह कदम देश में बढ़ते राजनीतिक और आर्थिक संकट को संभालने की कोशिश माना जा रहा है।
लेकोर्नू की पुनः नियुक्ति कई दिनों की कड़ी बातचीत के बाद हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने कर्तव्य की भावना से यह जिम्मेदारी स्वीकार की है। उनका मिशन है कि वर्ष के अंत तक फ्रांस को बजट उपलब्ध कराना और आम नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान करना।
बता दें कि सेबेस्टियन लेकोर्नु ने सोमवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद मैक्रों के राष्ट्रपति पद छोड़ने और संसद भंग करने की मांग उठने लगी थी, लेकिन मैक्रों ने पद छोड़ने से इनकार कर दिया और नया प्रधानमंत्री नियुक्त करने का एलान कर दिया था।
सरकार में बदलाव और शर्तें
लेकोर्नू ने यह भी कहा कि उनकी नई कैबिनेट में शामिल सभी सदस्यों को 2027 में राष्ट्रपति पद के लिए अपनी महत्वाकांक्षा छोड़नी होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नई सरकार नवीनीकरण और कौशल की विविधता को दर्शाएगी।
