पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया एक लाख का इनामी, सिपाही को लगी गोली

 पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया एक लाख का इनामी, सिपाही को लगी गोली
बरेली। बरेली में पुलिस और एसओजी की टीम ने बृहस्पतिवार तड़के मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश को मार गिराया। उसने साल 2024 में बिथरी चैनपुर में डकैती की थी। इसके बाद से फरार चल रहा था।
बरेली में पुलिस और एसओजी की टीम ने बड़ी मुठभेड़ को अंजाम दिया है। भोजापुरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश इफ्तिखार उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान ढेर हो गया। मुठभेड़ नैनीताल हाईवे स्थित बिलवा कृषि फार्म के पास हुई। मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल को गोली लगी है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश का साथी फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक शैतान उर्फ इफ्तिखार ने बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में साल 2024 में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। उस पर 19 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस लंबे समय से इफ्तेखार की तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार तड़के पुलिस और एसओजी की टीम ने बिलवा कृषि फार्म के पास बदमाशों को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश इफ्तेखार को गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। एसओजी का सिपाही राहुल घायल हुआ है।
बिथरी चैनपुर में की थी डकैती
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में साल 2024 में डकैती की घटना हुई थी। जिसमें बदमाश इफ्तिखार उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके बारे में पुलिस टीम को सूचना मिली थी। थाना पुलिस और एसओजी की टीमें बदमाश का पीछा कर रही थीं। इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश को गोली लगी है। उसे सीएचसी भेजा गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां मृत घोषित कर दिया गया।