दीपावली तक चांदी पहुंच सकती है दो लाख के स्तर पर, इस साल 60,300 रुपये तक बढ़े दाम

 दीपावली तक चांदी पहुंच सकती है दो लाख के स्तर पर, इस साल 60,300 रुपये तक बढ़े दाम
नई दिल्ली। दीपावली तक चांदी की मांग में कई गुना वृद्धि हुई है। इसके चलते माना जा रहा है कि दीपावली तक चांदी का भाव 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच सकता है।
चांदी की कीमतें इस साल अब तक 60,300 रुपये तक बढ़ गई है। सोमवार को 1.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के सार्वकालिक उच्च स्तर पर चांदी बंद हुई। 31 दिसंबर, 2024 को भाव 89,700 रुपये प्रति किलोग्राम था। इस तरह, चांदी ने 67.22 फीसदी का भारी-भरकम रिटर्न दिया है।
वैश्विक चुनौतियों, कई देशों में तनाव और डॉलर में कमजोरी से सोने एवं चांदी की चमक लगातार बढ़ रही है। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजारों में दोनों बहुमूल्य धातुओं की कीमतें नित नए रिकॉर्ड बना रही हैं। चांदी इस साल रिटर्न देने में सोने और शेयर बाजारों से आगे निकल गई है।
चांदी की कीमतें इस साल अब तक 60,300 रुपये बढ़कर सोमवार को 1.50 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के सार्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुई है। 31 दिसंबर, 2024 को भाव 89,700 रुपये प्रति किलोग्राम था। इस तरह, चांदी ने 67.22 फीसदी का भारी-भरकम रिटर्न दिया है। इस अवधि में सोना 40,550 रुपये महंगा होकर 1,19,500 रुपये प्रति 10 ग्राम की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। जनवरी, 2025 से अब तक सोने ने 51.36% रिटर्न दिया है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 70 डॉलर प्रति औंस का स्तर छू सकती है। घरेलू बाजार में भी कीमतें उसी अनुरूप बढ़ेंगी और भाव दो लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच सकता है।
20 वर्षों में 922 फीसदी का मुनाफा
चांदी ने निवेशकों को 20 वर्षों में 922 फीसदी का रिटर्न दिया है, जो शेयर बाजार से काफी बेहतर है। हालांकि, इस अवधि के दौरान चांदी में बड़ा उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला है। 2010 में चांदी ने 72 फीसदी और 2020 में 44 फीसदी का रिटर्न दिया था। हालांकि, 2013-14 में 24 फीसदी से अधिक गिरावट दर्ज की गई। 2025 में अब तक चांदी ने फिर 67.22 रिटर्न के साथ सबसे मजबूत प्रदर्शन दिखाया है।
अब भी सस्ती है चांदी
सोना-चांदी का औसत अनुपात 65-70 के दायरे में रहा है। 2025 में यह 107 के स्तर तक गया था। अब फिर कम होकर 85-86 पर आ गया है, जो संकेत दे रहा है कि चांदी अब भी सस्ती है। आने वाले दिनों में यह निवेशकों को अच्छी कमाई करा सकती है।