केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में 5वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला इंटर-डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप 2025 का किया शुभारंभ

 केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली में 5वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला इंटर-डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप 2025 का किया शुभारंभ

Political Trust Magazine –नई दिल्ली, 29 सितंबर। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आज शिवाजी स्टेडियम, नई दिल्ली में 5वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला इंटर-डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप 2025 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर इंडियन ऑयल के चेयरमैन ए.एस. सहनी, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार तिर्की, हॉकी इंडिया महासंघ के सदस्य, कोच, सहयोगी स्टाफ और विभिन्न स्कूलों के उत्साही छात्र उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में पुरी ने इंडियन ऑयल और अन्य ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ये कंपनियां न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, बल्कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करने में भी निरंतर सहयोग दे रही हैं। पुरी ने भारतीय हॉकी के स्वर्णिम इतिहास का स्मरण करते हुए कहा कि हरबिंदर सिंह, ज़फर इक़बाल, अजीतपाल सिंह, एम.एम. सोमैया और राजिंदर सिंह जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने पीढ़ियों को प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि आज भारतीय महिला हॉकी ने वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाई है और रानी रामपाल, प्रीतम रानी सिवाच, सविता पुनिया, वंदना कटारिया जैसी खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि टीमवर्क, अनुशासन और निष्पक्षता—ये सिद्धांत खेलों के साथ-साथ कूटनीति, शासन और पेशेवर जीवन में भी सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता न केवल शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी बल्कि अधिक से अधिक युवा महिलाओं को हॉकी अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत खेलों को युवाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम मानते हुए अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है। खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) और फिट इंडिया मूवमेंट जैसी योजनाओं ने खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया है। खेल अवसंरचना में निवेश और महिला खेलों पर विशेष ध्यान से भारतीय खिलाड़ियों को एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और ओलंपिक में रिकॉर्ड सफलता मिली है।

अपने संबोधन के समापन पर  पुरी ने सभी 11 टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह चैंपियनशिप केवल जीत-हार के लिए नहीं बल्कि सपनों को जगाने, दोस्ती को मजबूत करने और प्रगति को प्रेरित करने के लिए याद रखी जाए।

सर्वश्रेष्ठ टीम जीते, और हर खिलाड़ी अनुभव और उत्साह में समृद्ध होकर बाहर निकले। हम सब मिलकर भारतीय खेलों, भारतीय महिलाओं और अपने राष्ट्र का मजबूत भविष्य गढ़ रहे हैं – हरदीप सिंह पुरी