राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2025 संपन्न, किसानों के हित में बड़े फैसले

 राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2025 संपन्न, किसानों के हित में बड़े फैसले

Political Trust Magazine 

नई दिल्ली, 16 सितंबर 2025। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में दिल्ली में दो दिवसीय ‘राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन-रबी अभियान 2025’ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए और कृषि क्षेत्र के विकास पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नकली या घटिया खाद, बीज और कीटनाशक किसी भी कीमत पर बिकने नहीं दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाने की तैयारी की जा रही है ताकि किसानों को नुकसान से बचाया जा सके।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसान कॉल सेंटर को और अधिक प्रभावी बनाने पर काम हो रहा है और राज्यों को भी अपने स्तर पर असरकारी तंत्र विकसित करना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों की शिकायतों का समाधान किया जाएगा और उन्हें पूरा न्याय दिलाया जाएगा। साथ ही, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए राज्यों से प्रयास तेज करने की अपील की।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्रों और राज्यों के कृषि प्रसार तंत्र को मजबूत बनाना समय की मांग है। उन्होंने आगामी 3 अक्टूबर से शुरू होने वाले विकसित कृषि संकल्प अभियान को ‘लैब टू लैंड’ की संकल्पना को साकार करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और राज्यों से इसे सफल बनाने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दो दिनों तक गंभीरता से किए गए मंथन से निश्चित रूप से रबी फसलों के सीजन में बेहतर परिणाम मिलेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के हित सुनिश्चित करने के लिए उनके नेतृत्व में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से स्वदेशी अपनाने और ऐतिहासिक जीएसटी सुधारों का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।