आयुष मंत्रालय ने विशेष अभियान 4.0 में 1116 जन शिकायतों का किया निपटारा

नई दिल्ली, 15 सितंबर 2025
आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयुष मंत्रालय ने विशेष अभियान 4.0 का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन करते हुए दक्षता, पारदर्शिता और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है।नवंबर 2024 से अगस्त 2025 के बीच चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का निपटारा करना और कार्यस्थल के वातावरण में सुधार लाना था। इस अवधि में मंत्रालय ने सांसदों के 56 संदर्भ, 12 संसदीय आश्वासन, 9 राज्य सरकार के संदर्भ, 10 प्रधानमंत्री कार्यालय के संदर्भ, 1116 जन शिकायतें और 121 जन शिकायत अपीलों का सफल समाधान किया। आयुष मंत्रालय ने लगातार शिकायत निवारण में उच्च मानकों को बनाए रखते हुए केंद्रीय मंत्रालयों की शीर्ष 10 रैंकिंग में अपनी जगह बनाई है। यह नागरिक-केंद्रित शासन और जनता की समस्याओं के समय पर समाधान के प्रति मंत्रालय की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।अब मंत्रालय विशेष अभियान 5.0 की तैयारी कर रहा है जिसमें स्वच्छता, स्थिरता और मजबूत शिकायत निवारण तंत्र पर अधिक फोकस होगा। इसके तहत आयुष संस्थान, अनुसंधान परिषदें और राष्ट्रीय संगठन सामुदायिक स्थलों, हर्बल उद्यानों, जलाशयों और बस स्टेशनों पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। वरिष्ठ अधिकारियों और आयुष समुदाय की भागीदारी से आयुष भवन और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता पहलों को आगे बढ़ाया जाएगा। यह प्रयास मंत्रालय के स्वच्छ, कुशल और अपशिष्ट मुक्त भारत के दृष्टिकोण को मजबूत करेगा।