गूगल और यू-ट्यूब से ली लड़की बनने की जानकारी, छात्र ने काटा निजी अंग, खुद लगाया एनेस्थीसिया का इंजेक्शन

 गूगल और यू-ट्यूब से ली लड़की बनने की जानकारी, छात्र ने काटा निजी अंग, खुद लगाया एनेस्थीसिया का इंजेक्शन
प्रयागराज। प्रयागराज में एक छात्र ने गूगल देखकर लड़की बनने की इच्छा जताई। इसके लिए वह एक निजी चिकित्सक के कहने पर एनेस्थीसिया का इंजेक्शन, सर्जिकल ब्लेड, रुई और बाकी सामान खरीद लाया। इसके बाद कमरे में अकेले खुद को एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगाया। इससे कमर के नीचे का हिस्सा सुन्न हो गया। फिर अपने हाथों से निजी अंग काट दिया और मरहम पट्टी कर ली।
दर्द से हो गया व्याकुल
लड़का से लड़की बनने की चाहत में एक प्रतियोगी छात्र (17
वर्ष) ने अपना निजी अंग काट दिया। इससे पहले एक निजी चिकित्सक की सलाह पर उसने कमरे पर ही स्वयं एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगाने के बाद यह कृत्य किया। एनेस्थीसिया का असर खत्म होने के बाद जब वह दर्द से व्याकुल हो उठा तो मकान मालिक की मदद से बेली अस्पताल लाया गया, जहां से उसे एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।
किराए पर कमरा लेकर यूपीएससी की कर रहा था तैयारी
परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार, अमेठी निवासी छात्र इन दिनों प्रयागराज सिविल लाइंस एरिया में किराये का कमरा लेकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। उसके पिता एक किसान हैं और वह माता-पिता की इकलौती संतान है। सीबीएसई बोर्ड से इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद परिजनों ने बड़ी उम्मीदों के साथ उसे ग्रेजुएशन के साथ यूपीएससी की तैयारी करने के लिए प्रयागराज भेजा था, लेकिन उसके मन में कुछ और ही चल रहा था।
‘लड़की बनने के लिए पहले निजी अंग काटना होगा’
अक्सर वह गूगल और यू-ट्यूब पर लड़का से लड़की बनने की जानकारी लेता था। इसी दौरान वह प्रयागराज में कटरा के एक निजी चिकित्सक से मिला और इस संबंध में जानकारी ली। उसने बताया कि मैं लड़की की तरह फील करता हूं पर शरीर से लड़का हूं। उसने चिकित्सक से लड़की बनने की इच्छा जाहिर की। इस पर डॉक्टर ने कहा कि तुम्हें इसके लिए सबसे पहले अपना निजी अंग काटना होगा। उन्होंने पूरा तरीका भी समझाया कि घर पर ही ये सब कैसे कर सकते हैं।