तेज धूप और उमस के लिए अब रहिए तैयार, तेजी से बढ़ेगा तापमान

 तेज धूप और उमस के लिए अब रहिए तैयार, तेजी से बढ़ेगा तापमान
नई दिल्ली। दिल्ली और एनसीआर में बारिश अब रूक गई है। बारिश बंद होने से दिल्ली-एनसीआर में उमस और गर्मी बढ़ रही है। तेज धूप खिली रहने के कारण तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। मौसमी गतिविधियों को देखते हुए आगामी दिनों में भी इससे राहत मिलने के आसार कम है। अब दिल्ली के लोगों को आगे कई दिन गर्मी परेशान करने वाली है। यहां तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया जाएगा। बता दें कि कल शहर के तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 35.4 डिग्री दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 25.2 डिग्री दर्ज किया गया है।
आज दिल्ली में ऐसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली में मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। शहर को ग्रीन जोन में रखा गया है। यानी यहां बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। बारिश न होने से तापमान बढ़ने लगा है और उमस भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में भी दिल्ली में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। तापमान की बात करें तो आज शहर का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक रह सकता है या इससे अधिक हो सकता है। हवा में 88 से 58 प्रतिशत नमी दर्ज की जा रही है। माना जा रहा है कि दिल्ली में अब मानसून कि विदाई हो रही है।
एनसीआर इन जिलों में तेज धूप
दिल्ली के पास के शहरों गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा में बारिश की संभावना नहीं है। यहां मध्यम गति की हवाएं चलेंगी। तेज धूप खिली रहेगी, जिससे तापमान बढ़ेगा और लोगों को उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
अब बात करें तापमान की तो गुरुग्राम और फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहेगा। वहीं गाजियाबाद और नोएडा का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार है।